गोंडा में पोषण पखवाड़े की शुरुआत: डीएम ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दिए संदेश

गोंडा में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। यह कार्यक्रम 8 से 22 अप्रैल तक चलेगा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कलेक्ट्रेट से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने ‘सुपोषित भारत, सशक्त भारत’ के नारे लगाए। शहर की सड़कों पर स्लोगन, बैनर और पोस्टर के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
इनमें संतुलित आहार, बच्चों का पोषण और महिला स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी शामिल थी। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि कुपोषण को खत्म करने के लिए यह अभियान जरूरी है। उन्होंने बताया कि पोषण सिर्फ स्वास्थ्य का विषय नहीं है। यह एक सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। रैली से पहले जिलाधिकारी ने सभी को पोषण जागरूकता की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि हर परिवार को पोषण का महत्व समझना चाहिए। बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण मिलना चाहिए। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। पोषण पखवाड़े में जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर और पोषण से जुड़े कई आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों का लक्ष्य गोंडा को कुपोषण मुक्त बनाना है।