यूपी के निजी स्कूलों में मनमानी फीस बढ़ोतरी का विरोध: कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कहा – किताबों और ड्रेस की कीमतों पर भी लगे रोक

सिद्धार्थनगर में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी डुमरियागंज को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि नए सत्र की शुरुआत के साथ ही प्राइवेट स्कूल मनमानी पर उतर आए हैं। स्कूल प्रबंधन फीस में अनियंत्रित वृद्धि कर रहे हैं। साथ ही अभिभावकों को अपनी बताई दुकानों से ही किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह और महासचिव सतीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि महंगाई के इस दौर में अभिभावक पहले से ही परेशान हैं। स्कूलों की इस मनमानी से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार निजी स्कूलों के लिए फीस, किताबों और यूनिफॉर्म की कीमतों को लेकर एक न्यायसंगत नियमावली बनाए।
कार्यक्रम में रियाज मनिहार, मुकेश चौबे, आसिफ रिज्वी, अर्जुन कन्नौजिया समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर की गई।