उत्तर प्रदेशराज्य

गलत इलाज बना 6 साल के बच्चे की मौत की वजह: इंजेक्शन लगाते ही तड़पने लगा मासूम, कंपाउंडर की लापरवाही पड़ी भारी 

एटा के अलीगंज कस्बे के अनन्या क्लीनिक में उल्टी-दस्त से परेशान एक 6 साल के बच्चे को बिना डॉक्टर के मौजूदगी के ही इंजेक्शन दे दिया गया। इलाज की जगह मौत मिल गई। बच्चा कुछ ही घंटों में जिंदगी की जंग हार गया।

 

रात 1 बजे पहुंचे थे इलाज कराने, कंपाउंडर ने खुद ही लगा दी सुई

संजय नगर के रहने वाले संजीव कुमार अपने बेटे अर्पित (6) को सोमवार देर रात करीब 1 बजे डाक बंगला रोड स्थित अनन्या क्लीनिक लेकर पहुंचे थे। बच्चे को उल्टी और दस्त की शिकायत थी।

परिजनों के मुताबिक, मौके पर डॉक्टर मौजूद नहीं था, सिर्फ कंपाउंडर था। उसने डॉक्टर को फोन किया और बिना देखे ही एक इंजेक्शन लगाने का निर्देश मिलते ही सुई लगा दी।

सुई लगते ही बिगड़ी हालत, फिर मौत

इंजेक्शन लगते ही अर्पित की हालत बिगड़ने लगी। उलझन और झटकों के बीच परिजन उसे दोबारा क्लीनिक लाए। कंपाउंडर ने उसे तुरंत **फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।

रास्ते में ही अर्पित की धड़कनें कमजोर पड़ गईं और जब परिजन उसे एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में हड़कंप, परिजन पहुंचे थाने

बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार देर रात डजनभर से ज्यादा परिजन अलीगंज कोतवाली पहुंचे और क्लिनिक संचालक व कंपाउंडर के खिलाफ लिखित शिकायत दी। परिजनों का आरोप है कि ये सीधे तौर पर लापरवाही से मौत का मामला है और क्लिनिक संचालक पर कार्रवाई होनी चाहिए।

पुलिस ने शुरू की जांच, CMO बोले—पंजीकृत है अस्पताल, कराएंगे जांच

थाना प्रभारी अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर ने कहा कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है।

वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अनन्या क्लिनिक पंजीकृत है। फिर भी जांच कराई जाएगी, और जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button