मैनचेस्टर टेस्ट: जो रूट का धमाका, भारतीय गेंदबाजों की कर दी बखिया उधेड़

दिन की शुरुआत इंग्लैंड ने 225/2 से की और जो रूट व ऑली पोप की दमदार साझेदारी ने भारत को शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया। दोनों के बीच 144 रनों की साझेदारी हुई। लंच के बाद वाशिंगटन सुंदर ने पहले ऑली पोप (71) और फिर हैरी ब्रूक को पवेलियन भेजकर भारत को राहत दिलाई।
हालांकि, इसके बाद जो रूट और बेन स्टोक्स की साझेदारी ने एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों को संघर्ष में डाल दिया। रूट ने शानदार 150 रन बनाए और इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वे अब राहुल द्रविड़, जैक कैलिस और रिकी पोंटिंग को पछाड़ते हुए टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। साथ ही, रूट भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक (12) जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए।
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो इस बार जसप्रीत बुमराह लय में नजर नहीं आए, वहीं डेब्यूटेंट अंशुल कंबोज को भी खास सफलता नहीं मिली। रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट झटके, जबकि बुमराह, अंशुल और सिराज को एक-एक सफलता मिली।
अब देखना होगा कि इंग्लैंड कितनी बड़ी बढ़त हासिल करता है और क्या भारतीय टीम इस दबाव से उबर पाती है।




