12 अगस्त तक रोडवेज बसों का विशेष संचालन: रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों के साथ एक परिजन को भी मिलेगा मुफ्त सफर

एआरएम राजेश पाठक ने रक्षाबंधन पर्व के लिए बसों के संचालन की रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली थी। दिल्ली रूट पर संचालित 60 बसें लोकल में चक्कर लगाने के बाद फिर दिल्ली जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सभी बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। निगम के अधिकारियों का दावा है कि रक्षाबंधन पर्व पर निगम और अनुबंधित कुल 172 बसें ऑन रूट रहेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाइयों के घर जाने वाली बहनों के लिए विशेष सुविधा दी है। आठ अगस्त की मध्य रात्रि से लेकर 10 अगस्त की मध्य रात्रि तक रोडवेज बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस बार महिला यात्री के साथ एक सहवर्ती सदस्य भी मुफ्त यात्रा कर सकेगा। सहवर्ती में महिला यात्री के पति, बेटा, पिता या भाई शामिल हो सकते हैं।
एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर जिस रूट के लिए अधिक यात्री होंगे, उधर बसें तुरंत भेजी जाएंगी। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्पेशल संचालन आज से शुरू हो गया है।