जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क के पहले भारतीय मूल के महापौर | पूरी प्रोफ़ाइल देखें ✅

भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क के मेयर
भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने अमेरिका के शहर न्यूयॉर्क के मेयर पद का चुनाव जीत लिया है। वे न्यूयॉर्क नगर के इतिहास में पहले मुस्लिम और भारतीय मूल के मेयर बने हैं।
संगीत से राजनीति तक का सफर
राजनीति में आने से पहले ममदानी का झुकाव संगीत की ओर था। वे हिप-हॉप संगीत के प्रशंसक हैं और कई रैप संगीत रचनाएँ तैयार एवं प्रस्तुत कर चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने एक युगांडाई रैपर के साथ रैप वीडियो बनाया था। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2019 में उन्होंने अपना एक स्वतंत्र संगीत एल्बम (सिंगल) भी जारी किया था।
राजनीति में कदम रखने से पूर्व वे क्वीन्स क्षेत्र में गरीब श्वेत नागरिकों के लिए नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान करते थे। अधिकांश मामलों में वे घर खाली कराने (इविक्शन) से संबंधित मुकदमों में लोगों की मदद करते थे। इन्हीं अनुभवों ने उन्हें राजनीति में प्रवेश के लिए प्रेरित किया।
राजनीतिक जीवन और उपलब्धियाँ
ममदानी वर्ष 2015 से न्यूयॉर्क की राजनीति में सक्रिय हैं। 2017 में वे डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका से जुड़े और वर्ष 2020 में क्वीन्स के एस्टोरिया क्षेत्र से न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य निर्वाचित हुए। वे एस्टोरिया तथा आसपास के क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के रूप में उन्होंने एक पायलट परियोजना प्रारंभ की, जिसके अंतर्गत शहर की कुछ बसों में एक वर्ष तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एक कानून का प्रस्ताव रखा है, जिसके अनुसार गैर-लाभकारी संस्थाओं को इज़राइली बस्तियों के समर्थन से प्रतिबंधित किया जाएगा।
व्यक्तिगत जीवन और पारिवारिक पृष्ठभूमि
जोहरान की पत्नी रमा दुवाजी एक सीरियाई मूल की कलाकार हैं। वे एक इलस्ट्रेटर एवं एनिमेटर हैं, जिनका कार्य द न्यू यॉर्कर, द वॉशिंगटन पोस्ट और वाइस जैसे प्रमुख प्रकाशनों में प्रकाशित हो चुका है।
जोहरान की माता मीरा नायर भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक और प्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक हैं, जबकि पिता महमूद ममदानी भारतीय मूल के युगांडा निवासी एवं कोलंबिया विश्वविद्यालय में प्राध्यापक हैं।
जोहरान का जन्म 18 अक्तूबर 1991 को कंपाला (युगांडा) में हुआ था। पाँच वर्ष की आयु में उनका परिवार दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन चला गया और सात वर्ष की आयु में न्यूयॉर्क स्थानांतरित हो गया। उन्होंने वर्ष 2014 में मेन स्थित बोडोइन कॉलेज से अफ्रीकाना स्टडीज़ में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।
वर्ष 2018 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता प्राप्त हुई।
यह भी पढ़ें
QS विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग – एशिया 2026 जारी: भारत की एक भी विश्वविद्यालय शीर्ष 50 में नहीं; पाकिस्तान की 82 विश्वविद्यालयों को सूची में स्थान मिला।
इस वर्ष की रैंकिंग में यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग ने पेकिंग विश्वविद्यालय को पीछे छोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कुल 1,500 से अधिक संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें से 550 से अधिक नई प्रविष्टियाँ शामिल हैं।




