पटरी पर वापस लौटी पहली मेट्रो ट्रेन ‘टीएस#01’, दिल्ली मेट्रो की 23वीं वर्षगांठ पर यात्रियों ने जीए पुराने दिन

दिल्ली मेट्रो की पहली ट्रेन ‘टीएस#01’ 23वीं वर्षगांठ पर वापस पटरी पर लौट आई है। यात्रियों ने इस अवसर पर पुराने दिनों की यादें ताजा की। यह ट्रेन दिल्ली मेट्रो के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी वापसी से यात्रियों में उत्साह है। दिल्ली मेट्रो ने शहर के परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
HighLights
- पहली मेट्रो ट्रेन ‘टीएस#01’ पटरी पर वापस लौटी
- दिल्ली मेट्रो की 23वीं वर्षगांठ मनाई गई
- यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो के पुराने दिनों को याद किया
दिल्ली मेट्रो की यात्रियों के लिए सेवाएं शुरू होने की 23वीं वर्षगांठ पर गुरुवार को खास नजारा देखने को मिला। सबसे पहली ट्रेन ‘टीएस#01’, जो दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर कभी चली थी, उसे आज विशेष ट्रेन के रूप में चलाया गया।
यह ट्रेन ठीक उसी 8.3 किलोमीटर लंबे शाहदरा से तीस हजारी खंड पर दौड़ी, जहां दिसंबर 2002 में ठीक इसी दिन मेट्रो ने पहली बार यात्रियों को सेवा देनी शुरू की थी।इस विशेष रन का मकसद यात्रियों को दिल्ली मेट्रो के उस ऐतिहासिक पल की याद ताजा कराना था, जब पहली बार यात्रियों को लेकर ट्रेन चली थी।
कई यात्री भावुक हो गए और पुरानी यादों में खो गए। इस खुशी के मौके पर ट्रेन ‘टीएस#01’ को खूबसूरती से सजाया गया था। फूलों की मालाएं और एक विशेष स्मृति बैनर लगाया गया था। स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों का फूल देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कई यात्रियों ने सेल्फी लीं और इस पल को सोशल मीडिया पर साझा किया।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन मेट्रो की यात्रा के उन शुरुआती दिनों को याद करने के लिए किया गया, जब दिल्लीवासियों के लिए मेट्रो एक सपना सच होने जैसा था।
आज दिल्ली मेट्रो विश्व की सबसे बड़ी मेट्रो नेटवर्क में से एक है और लाखों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है।यात्रियों का कहना था कि इस विशेष ट्रेन में सफर करके ऐसा लगा जैसे समय में पीछे चले गए हों।




