मध्यप्रदेश

भोपाल में मंत्री विजय शाह के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन – युवा कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह की नेमप्लेट पर कालिख पोती।

मंत्री विजय शाह के खिलाफ युवा कांग्रेस ने भोपाल में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बंगले की नेमप्लेट पर कालिख पोती और इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर मंत्रियों को बचाने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर बाद में छोड़ दिया। कांग्रेस ने शाह की गिरफ्तारी न होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंत्री विजय शाह के विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई के निर्देश पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा। भोपाल में युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री ने सहयोगियों के साथ मिलकर मंत्री बंगले पर लगी नेमप्लेट पर कालिख पोती तो प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नया भारत है, जहां सेना की अधिकारी पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मंत्री को बर्खास्त नहीं किया जाता है।

प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के विरुद्ध सत्ता और संगठन द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद युवा कांग्रेस की भोपाल इकाई के अध्यक्ष अमित खत्री ने साथियों के साथ मंत्री के बंगले पर लगी नेम प्लेट पर कालिख पोतकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री ने त्यागपत्र नहीं दिया तो युवा कांग्रेस उनका मुंह काला करेगी। खत्री सहित अन्य को श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर नोटिस पर छोड़ दिया।

गिरफ्तारी की मांग

उधर, प्रदेश महासचिव अमित शर्मा की अगुआई में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक और शर्मनाक है कि जिस मंत्री पर सुप्रीम कोर्ट ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं, उसे भाजपा सरकार खुला संरक्षण दे रही है। यह न केवल संविधान का अपमान है, बल्कि देश की जनता की भावनाओं के साथ सीधा खिलवाड़ है। जब तक विजय शाह की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

मंत्रियों को बचाती है सरकार : जीतू

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि यह नया भारत है, जहां कर्नल सोफिया क़ुरैशी पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह को बर्खास्त नहीं किया जाता। दूषित पानी पीने से 24 लोगों की मृत्यु हो जाती है और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मीडिया से अभद्रता करते हैं, फिर भी उन्हें बर्खास्त नहीं किया जाता।

जहरीले कफ सीरप से बच्चों की मौत हो जाती है, फिर भी उप मुख्यमंत्री स्वास्थ्य राजेंद्र शुक्ल को बर्खास्त नहीं किया जाता। भाजपा सरकार के 13 मंत्रियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं होती। जिस तरह भाजपा का अहंकार और भ्रष्टाचार निर्दोष लोगों की जान ले रहा है, वह पूरा मध्य प्रदेश देख रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button