हामिद अंसारी ने एक साक्षात्कार में कहा था कि इतिहास की पुस्तकों में महमूद गजनवी समेत जिन लोगों को विदेशी हमलावर और लुटेरों के रूप में दर्शाया गया है, वे असल में “भारतीय लुटेरे” थे।

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने महमूद गजनवी को ‘भारतीय लुटेरा’ बताया, जिस पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा ने कांग्रेस पर विदेशी हमलावरों को महिमामंडित करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी से अंसारी के विचारों पर स्पष्टीकरण मांगा। पार्टी ने कहा कि यह बयान हिंदू विरोधी मानसिकता दर्शाता है, जो भारत के इतिहास को विकृत करने का प्रयास है। भाजपा नेताओं ने इसे ‘बीमार मानसिकता’ करार दिया।
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी महमूद गजनवी को ‘भारतीयलुटेरा‘ बताकर भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसका पूरा ईकोसिस्टम विदेशी हमलावरों को महिमामंडित करता है और हिंदू विरोधी आततायियों का गुणगान करता है।
पार्टी ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेतृत्व और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हिंदू मंदिरों को तोड़ने एवं हजारों लोगों की हत्या करने वाले क्रूर हमलावर के बारे में अंसारी के विचारों से सहमत हैं।
हामिद अंसारी ने गजनवी को बताया ‘भारतीय लुटेरा‘
हामिद अंसारी ने एक साक्षात्कार में कहा था कि इतिहास की पुस्तकों में महमूद गजनवी समेत जिन लोगों को विदेशी हमलावर और लुटेरों के रूप में दर्शाया गया है, वे असल में “भारतीय लुटेरे” थे। वे बाहर से नहीं आए थे। राजनीतिक रूप से यह कहना आसान है कि उन्होंने यह और वो नष्ट कर दिया, लेकिन वे सभी भारतीय थे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विदेशी हमलावरों और लुटेरों के प्रति अंसारी का स्नेह उनकी “बीमार मानसिकता” को दर्शाता है। यह पूरी समस्या तीन एम- मुगल, मैकाले और मार्क्स का परिणाम है।
दुख की बात है कि उपराष्ट्रपति रह चुका व्यक्ति ऐसे बयान देता है, जबकि सच्चाई यह है कि जैसे सभी ब्रिटिश वायसराय किंग या क्वीन की ओर से शासन करते थे, वैसे ही सभी मुगल सम्राट बगदाद के खलीफा के प्रतिनिधियों के रूप में शासन करते थे। लुटेरों से खुद को जोड़कर, समाज का एक निश्चित वर्ग अब पूरे भारत को लुटेरों से जोड़ने लगा है। ऐसी निराश मानसिकता से छुटकारा पाने की जरूरत है।
एक्स पर अंसारी की टिप्पणियों का फुटेज साझा करते हुए पार्टी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “शरजील इमाम और उमर खालिद को युवा कहने के बाद, अब कांग्रेस ईकोसिस्टम व हामिद अंसारी गजनवी की तारीफ कर रहे हैं जिसने सोमनाथ मंदिर को नष्ट और अपवित्र किया था। वे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का विरोध करते हैं… वे औरंगजेब और उन लोगों के अपराधों पर पर्दा डालते हैं जिन्होंने हिंदुओं पर अत्याचार किए। वे भारत और हिंदुओं से नफरत करते हैं।
भाजपा ने किया पलटवार
भाजपा नेता सीआर केसवन ने कहा कि आठवीं सदी की शुरुआत में इस्लामी आक्रमणों से लेकर मुगल शासन तक पवित्र हिंदू धार्मिक स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया गया। क्या नेहरू की कांग्रेस, जिसने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का कड़ा विरोध किया था, इन बयानों से सहमत है जो ऐसी क्रूरता को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका मकसद हमारी सनातन संस्कृति की नींव को नष्ट करना था?”
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को आधुनिक इंडियन मुस्लिम लीग बताया। कहा कि कांग्रेस और उसका ईकोसिस्टम बाबर एवं औरंगजेब जैसे हिंदू विरोधी तानाशाहों का महिमामंडन करता है और उन्हें सही ठहराता है जिन्होंने भारत को लूटा व मंदिरों को नष्ट किया।




