लखनऊ

कैंट थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस घटना में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर रही

लखनऊ के आर्मी पब्लिक स्कूल में पांचवीं कक्षा के छात्र को सहपाठियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर कैंट पुलिस ने सहपाठियों और स्कूल स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 21 जनवरी की है, जब स्कूल ग्राउंड में छात्र को लात-घूंसों और जूते से रगड़कर घायल किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप है।

 कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा पांच के छात्र के साथ सहपाठियों ने बर्बर मारपीट की। आरोप है कि स्कूल ग्राउंड में हुई मारपीट में छात्र की आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने सहपाठियों और स्कूल स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तोपखाना स्थित निर्भय विहार कालोनी निवासी पीड़ित छात्र की मां ने बताया कि उनका बेटा आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-3 में कक्षा 5(ए) का छात्र है। 21 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल के ग्राउंड में दूसरे सेक्शन के कुछ छात्रों ने उनके बेटे को घेर लिया।

आरोप है कि बच्चों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसके चेहरे को जूते की हील से रगड़ा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। महिला का कहना है कि पिटाई के बाद बेटा आंख से ठीक से देख नहीं पा रहा था। उसे तत्काल इलाज के लिए कमांड अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने आंख की रोशनी जाने की पुष्टि की।

फिलहाल, छात्र का इलाज चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित की मां का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने स्कूल प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मामले को गंभीरता से न लेने पर उन्होंने कैंट थाने में जाकर सहपाठियों के साथ-साथ स्कूल के स्टाफ के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई। इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

वहीं, इस मामले में एसओ कैंट गुरप्रीत कौर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस बारे में स्कूल का पक्ष जानने के लिए उप प्रधानाचार्य साधना से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर कोई उत्तर नहीं दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button