अन्य

ओडिशा में समय से पहले ही रुलाने लगी गर्मी, झारसुगुड़ा में 37 डिग्री पहुंचा पारा

ओडिशा में इस बार गर्मी ने समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ग्रीष्म ऋतु की आधिकारिक शुरुआत से पहले ही कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर है। झारसुगुड़ा 37 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि छह अन्य स्थानों पर भी पारा 35 डिग्री के पार पहुंचा।

ओडिशा में इस बार गर्मी ने समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अभी ग्रीष्म ऋतु की आधिकारिक शुरुआत भी नहीं हुई है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, जिसके कारण शुष्क मौसम बना हुआ है। इस स्थिति के चलते आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।

शुक्रवार को झारसुगुड़ा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं राज्य के छह अन्य स्थानों पर भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

अभी और बढ़ेगा तापमान

भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि मौजूदा शुष्क हालात बने रहते हैं, तो गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

अचानक बढ़ी गर्मी से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।लोगों का कहना है कि वसंत ऋतु में ही इस तरह की गर्मी असामान्य है। कई लोगों को आशंका है कि इस साल की गर्मी भी बीते सर्दी के मौसम की तरह ही अधिक तीव्र हो सकती है।

राज्य प्रशासन और मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जैसे-जैसे ओडिशा ग्रीष्म ऋतु के चरम की ओर बढ़ रहा है, लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button