टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के विवादित बोल, बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी नहीं होते तो मैं उनकी उंगलियां काट देता

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी ने शुक्रवार को ज्ञानेश कुमार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) की कुर्सी पर नहीं होते तो मैं उनकी उंगलियां काट देता।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी ने शुक्रवार को ज्ञानेश कुमार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) की कुर्सी पर नहीं होते तो मैं उनकी उंगलियां काट देता। कोलकाता के धर्मतल्ला में एसआइआर के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरना कार्यक्रम से कल्याण बनर्जी ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि जब पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने गई थीं तो उन्होंने उनके साथ बदतमीजी की। वह ममता बनर्जी से उंगली दिखाकर बात कर रहे थे। उस समय मैं भी ममता के साथ था।
टीएमसी सांसद ने कहा कि तब मुझे इतना गुस्सा आया कि अगर ज्ञानेश कुमार सीईसी की कुर्सी पर नहीं होते तो मैं उनकी उंगलियां काट देता। कल्याण यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि आप गृह मंत्री अमित शाह की दया पर आए हो। आप सहकारिता सचिव थे। मुझे पता है आपके पास कितना ज्ञान है।
ये लोग आम मतदाताओं का गला काटेंगे : भाजपा
तृणमूल सांसद की टिप्प्पणी पर प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि जो लोग मुख्य चुनाव आयुक्त की उंगलियां काटने की बात कर सकते हैं, वे आम मतदाताओं का गला काटेंगे। अगर नेता खुद ऐसी बातें कहेंगे, तो उनके समर्थक क्या कहेंगे।
अभिषेक ने भी सीईसी उंगली नीचे करने को कहा था
इससे पहले टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिकायत की थी कि वह बैठक में उंगली दिखाकर बात कर रहे थे, लेकिन उन्होंने उन्हें उंगली नीचे करने को कहा।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ज्ञानेश कुमार निर्वाचित नहीं बल्कि मनोनीत हैं। इससे पहले, कल्याण बनर्जी ने चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि आवश्यक हुआ तो ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर तृणमूल मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाएगी।




