खेल

BAN vs PAK: बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज की हार नहीं पचा सका पाकिस्तान, अंपायर पर बड़ा आरोप लगाकर दर्ज की शिकायत

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अंपायर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में हार मिली। इसके बाद उन्होंने अंपायर पर पक्षपात का आरोप लगाया है।

 बांग्लादेश के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। ढाका में खेले गए तीसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने अंतिम ओवर तक लड़ाई लड़ी लेकिन उन्हें 11 रनों से शिकस्त मिली। इस हार के बाद अब पाकिस्तानी टीम ने आईसीसी के सामने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अंपायर के खिलाफ शिकायत की है, जिसमें नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

3 मैचों की सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश ने एकतरफा जीत हासिल की। इसके बाद दूसरा मैच पाकिस्तान ने अपने नाम किया। तीसरे मैच में बांग्लादेश ने जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली। ये सीरीज विवादों से भरी रही है। इससे पहले दूसरे वनडे मैच के दौरान बांग्लादेशी कप्तान मेंहदी हसन मिराज ने पाकिस्तान के सलमान अली आगा को विवादित तरीके से रन आउट किया था। अब तीसरे मैच में पाकिस्तान ने अंपायर पर बांग्लादेश टीम का साथ देने का आरोप लगाया है।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की शिकायत

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट का मानना है कि गेंद का बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले दिखा था। इसके बाद ही बांग्लादेश ने रिव्यू लेने का फैसला किया। पाकिस्तान को लगा कि बांग्लादेश ने 15 सेकंड की समय सीमा के बाद रिव्यू की मांग की थी। हालांकि, उन्हें 15 सेकंड के भीतर ही रिव्यू लेना चाहिए था। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया कि पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन नीयामुल राशिद के मुलाकात की और मेजबान टीम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पाकिस्तान को स्पष्ट किया गया कि कुछ भी नियमों के खिलाफ नहीं हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये घटना पाकिस्तान की पारी के 50वें ओवर में घटी। पाक टीम 9 विकेट गंवा चुकी थी और कप्तान शाहीन अफरीदी बल्लेबाजी कर रहे थे। आखिरी ओवर में स्पिनर रिशाद हुसैन गेंदबाजी करने के लिए और उन्होंने लेग साइड की तरफ गेंद फेंकी। ऑन फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना ने इसे वाइड करार दिया। ऐसे में बांग्लादेश वाइड के फैसले को चुनौती नहीं दे सकता था और उन्होंने एलबीडब्ल्यू की अपील की।

बांग्लादेश ने एलबीडब्ल्यू के लिए रिव्यू लिया और फिर जब गेंद बल्ले के पास पहुंची तो अल्ट्राएज में स्पाइक दिखाई दिया। इसकी वजह से मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। बांग्लादेश ने भले ही यहां पर रिव्यू गंवा दिया लेकिन वाइड गेंद का फैसला बदलते ही उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। इसी को लेकर पाकिस्तान ने शिकायत दर्ज कराई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button