इंदौर अग्निकांड में निर्णायक मोड़ : बेटे सौरभ ने कबूला- छोटे भाई ने रात में चार्जिंग पर लगाई थी EV कार

इंदौर के ब्रजेश्वरी अग्निकांड में पुलिस ने पुगलिया परिवार से पूछताछ की है। मनोज पुगलिया के बेटे सौरभ ने स्वीकार किया कि छोटे भाई हर्षित ने रात में ईवी कार चार्जिंग पर लगाई थी।
शहर के ब्रजेश्वरी (एनएक्स) में हुए अग्निकांड में पुलिस ने पुगलिया परिवार से पूछताछ शुरु कर दी है। बुधवार को मनोज पुगलिया के तीनों बेटों के बयान दर्ज किए गए है। सौरभ और हर्षित ने कार (EV) को चार्जिंग पर लगाना स्वीकार लिया है। इस बयान से ईवी से आग लगने की पुष्टि हो रही है।
हादसे में 8 की हुई थी मौत
पिछले बुधवार को मनोज पुगलिया के मकान अर्हम विला में आग लगी थी। हादसे में मनोज सहित सिमरन पुगलिया, विजय सेठिया,सुमन सेठिया,रुचिका संचेती, राशि, तनय और कार्तिक की जलने और दम घुटने से मौत हो गई थी। बिजली कंपनी और फायर सेफ्टी ने कहा था कि आग ईवी से लगी है। मगर सौरभ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिकायत कर कहा कि पुलिस द्वारा अफवाह फैलाई जा रही है। कार का चार्जर कनेक्ट ही नहीं था।
चार घंटे चली पूछताछ
बुधवार को पुलिस ने सौरभ, सौमिल, हर्षित और दोस्त ऋषभ जादौन, शिवेंद्र के कथन लिए। करीब चार घंटे चले बयानों में सौरभ ने कहा कि कार चार्जिंग पर लगी थी। इसका उसको बाद में पता चला है। वह तो चार्जर निकाल कर सो गया था। सबसे छोटा भाई हर्षित कार लेकर आया और करीब 11 बजे उसने चार्जिंग पर कार लगा दी। इस बयान से बिजली कंपनी के अधिकारियों के दावों की पुष्टि हो गई है। स्मार्ट मीटर का विश्लेषण कर कंपनी ने कहा था कि कार रात 11 बजे से तीन बजे तक चार्जिंग पर थी। क्योंकि मीटर में नौ वाट तक लोड नोट हो रहा था।
गैस सिलिंडर क्यों रखे थे: 23 जनवरी को भाई सौमिल की शादी थी। कुछ सिलिंडर बच गए थे। पापा (मनोज पुगलिया) ने एक कार्यक्रम के लिए सिलिंडर रखे थे। मां सुनीता के नाम अवंतिका गैस का कनेक्शन है। मेरे (सौरभ) नाम से भी इंडियन गैस का कनेक्शन है।
बिजली कंपनी की रिपोर्ट
एक्सपर्ट पहले ही ईवी से आग लगने की संभावना जता चुके है। उन्होंने स्मार्ट मीटर और ट्रांसफार्मर का डेटा भी निकाल लिया है। रात प्रतिदिन 11 बजे से चार्जिंग पर लगाई जाती थी। घर में 15 किलोवाट का कनेक्शन स्वीकृत था। कार चार्ज करने पर 9 किलो वाट तक की खपत होती थी।
अब आगे क्या
फोरेंसिक और बिजली कंपनी की रिपोर्ट के बाद अंतिम नतीजे पर पहुंचा जाएगा। ईवी कार एक्सपर्ट भी रिपोर्ट बना रहे है। तीनों के मत के आधार पर ही अंतिम निर्णय होगा। अभी तक ईवी से ही आग लगने की प्रबल संभावना है।




