नगर विकास मंत्री बोले- महाकुंभ चंद दिन दूर, हम मिलकर बनाएंगे शहर को लल्लनटॉप

0
54aac591-941c-4526-87ca-92b7277497a3

लखनऊ। यूपी के शहरी एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि अब महाकुंभ का आगाज होने वाला है। उन्होंने अधिकारियों, पार्षदों और लोगों से कहा कि महाकुंभ अब चंद दिन दूर है। शहर हमारा है, दुनिया इसे देखने आएगी। हम सबको मिलकर इसे लल्लनटॉप बनाना है। नगर विकास मंत्री शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में स्वच्छता महाकुंभ (वृहद स्वच्छता अभियान) का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता प्रयाग प्रीमियर लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया और प्रतिस्पर्धा में भागीदारी करने वाले छात्रों को मंच पर बुला कर उनका उत्साहवर्धन किया।

नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी महाकुंभ के लिए कार्य हुए हैं, लेकिन इस बार जो काम हो रहा है, वो सबको दिख रहा है। प्रयागराज स्वच्छता के साथ दिव्य और भव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में हम प्रयागराज में महाकुंभ के दृष्टिगत विशेष रूप से कार्य करते आ रहे हैं। तब से करीब 15 हजार करोड़ के कार्य चल रहे हैं। मंत्री ने कहा कि नगर निगम स्वच्छता को लेकर बहुत मेहनत कर रहा है। उसके प्रयासों को सफल बनाने के लिए प्रयागराजवासी एकजुट हों।

केंद्र सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ के लिए 2100 करोड़ रुपए दिए हैं

इस अवसर पर एके शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ के लिए 2100 करोड़ रुपए दिए हैं। राज्य सरकार भी अपना योगदान दे रही है। इसके इतर भी 7 हजार करोड़ की विकास परियोजनाएं नगर में संचालित हैं। इसके साथ ही तीर्थ क्षेत्र का भी विकास किया जा रहा है। भारद्वाज मुनि का आश्रम हो या कोई भी स्थान हमारी सरकार प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास कार्य कर रही है।

प्रयागराज को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग दें।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इस बार महाकुंभ में 40 करोड़ से अधिक लोग हिस्सा लेंगे। इसलिए हमें भी उनका साथ देना है। कुंभ क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। नए घाट बने हैं। डेढ़ लाख शौचालय बनाए गए हैं। पहली बार आप गंगा किनारे गाड़ी चलाते हुए कुंभ क्षेत्र के दिव्य दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि, प्रयागराज मेरा दूसरा घर है। विद्यार्थी जीवन में 1980 से 1988 तक मैंने यहां से शिक्षा अर्जित की। फिर कुछ समय यहां विश्वविद्यालय में पढ़ाई भी की। शर्मा ने कहा कि मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि प्रयागराज को ऐसा ही स्वच्छ बनाएं रखने में अपना योगदान दें।

7 दिनों तक हम चलाएंगे स्वच्छता महाकुंभ अभियान

अरविंद शर्मा ने कहा कि नगर की साफ-सफाई करना बहुत बड़ा काम होता है। अंतिम दिनों की सफाई सबसे महत्वपूर्ण होती है। नगर निगम अब शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने में जुटा हुआ है। इसके लिए प्रदेश के सभी नगर निगमों से मशीनें और मैन पावर बुलाए गए हैं। अब इन सभी का उपयोग कर आने वाले 10 दिनों में ऐसी सफाई की जाए कि यह दुनिया के सुंदरतम और भव्यतम नगरों में दिखाई दे। सफाई करना हम सबका कर्तव्य है इसलिए मैं आपसे 7 दिवसीय स्वच्छता महाकुंभ (जन जागृति) के कार्यक्रम में सहभागी होने का आह्वान करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *