अटल युवा महाकुंभ में पहुंचे राजनाथ सिंह बोले- भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की कार्यशैली और निर्णयों की पूरी दुनिया कायल थी, उनके जीवन और विचारधारा पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत

लखनऊ। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित अटल युवा महाकुंभ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अद्वितीय व्यक्तित्व और उनके साथ जुड़ी स्मृतियों को साझा किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व पीएम की महानता का स्मरण करते हुए प्रदेश के विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन और विचारधारा आज भी प्रेरणा के स्रोत हैं।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व इतना विराट था कि उनकी कार्यशैली और निर्णयों की पूरी दुनिया कायल थी। लखनऊ अटल जी के दिल में बसता था और यहां के लोग उन्हें उतनी ही गहराई से जानते और समझते थे।

रक्षा मंत्री ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि मुझे उनके साथ एक अभिभावक का स्नेह और मंत्रिमंडल में सहकर्मी के रूप में काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनकी सरकार जब एक वोट से गिरी, तब उनके ऐतिहासिक भाषण ने लोकतंत्र और देशप्रेम की नई परिभाषा गढ़ी। उन्होंने कहा था, सरकारें आएंगी-जाएंगी, पार्टियां बनेंगी-बिगड़ेंगी, लेकिन यह देश और इसका लोकतंत्र अमर रहना चाहिए। यह उनकी दूरदर्शिता और सिद्धांतवाद का प्रमाण था।
इस दौरान कार्यक्रम में बच्चों द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर प्रस्तुत की गई झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रक्षा मंत्री ने भरपूर सराहना की। उन्होंने इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा अटल जी के विचार और योगदान आज भी युवाओं के लिए पथ प्रदर्शक हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा आज उत्तर प्रदेश विकास के हर पैमाने पर देश के अन्य राज्यों से आगे खड़ा है। सीएम योगी के कुशल नेतृत्व और अथक प्रयासों ने यूपी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह प्रदेश अटल जी के सपनों का साकार रूप बनता जा रहा है।