तिरंगे में लिपटा मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर: राष्ट्रपति प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राहुल-सोनिया समेत तमाम राजनीतिक दलों ने नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई दिग्गजों ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। खबर है कि उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। उनकी एक बेटी अमेरिका से आ रही हैं, जिनका इंतजार किया जा रहा है।
पूर्व पीएम के निधन पर सरकार ने 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनके निधन के बाद कांग्रेस पार्टी ने आज अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। बता दें कि उन्हें बेहोश होने के बाद गुरुवार (26 दिसंबर) शाम दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9.51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली थी। निधन के बाद देर रात मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर AIIMS से उनके दिल्ली स्थित आवास पर लाया गया। डॉ. मनमोहन सिंह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे। इससे पहले भी उन्हें कई बार स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के आवास पर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने पहुंचे हैं। उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पहुंचे। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को देखते हुए 27 और 28 दिसंबर की अपनी प्रगति यात्रा को स्थगित कर दिया है. उनकी यात्रा का पहला चरण कल खत्म होना था। आज मुजफ्फरपुर और कल उनकी यात्रा वैशाली में रहने वाली थी।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद कांग्रेस पार्टी ने अगले 7 दिनों के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा,’दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंहजी के सम्मान में कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह सहित सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिनों के लिए रद्द कर दिए गए हैं। इसमें सभी आंदोलन और आउटरीच कार्यक्रम शामिल हैं। पार्टी के कार्यक्रम 3 जनवरी, 2025 को फिर से शुरू होंगे। शोक की इस घड़ी के दौरान पार्टी का झंडा आधा झुका रहेगा।
कांग्रेस के सीनियर लीडर और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं। बता दें कि दोनों कर्नाटक के बेलगावी से दिल्ली पहुंचे हैं। बेलगावी में कांग्रेस नेता वर्किंग कमेटी की बैठक के लिए इकट्ठा हुए थे। आज बेलगावी में कांग्रेस की रैली भी होने वाली थी, लेकिन पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन के बाद इसे रद्द कर दिया गया।
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा,’भारत ने अपने सबसे शानदार बेटों में से एक को खो दिया है. डॉ मनमोहन सिंह अफगानिस्तान के लोगों के लिए एक अटूट सहयोगी और मित्र थे. मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं और उनके परिवार, सरकार और भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. उनकी आत्मा को शांति मिले.’
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए आज शाम 5.30 बजे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें CWC के स्थायी मेंबर और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे.
पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राजकीय शोक घोषित किया है. इसको लेकर शासन द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक, 1 जनवरी 2025 तक राजकीय शोक के दौरान प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. इसी के साथ कोई भी सरकारी मनोरंजक कार्यक्रम नहीं होगा।
यूपी के सीएम ने पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है. योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा- ‘पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है. वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’
अखिलेश यादव ने जताया दुख
वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया. उन्होंने मनमोहन सिंह को एक ऐसा प्रधानमंत्री बताया जिनके फैसलों ने देश को बदल कर रख दिया. अखिलेश यादव ने कहा- मनमोहन जी ने जिस तरीके से आर्थिक नीतियों पर फैसला लिया, उसी का परिणाम है। कि आज हम दुनिया में बराबर पर खड़े हैं।




