Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्यराष्ट्रीय

मौसम का मिजाज: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में भीषण ठंड से राहत, कश्मीर में बर्फबारी का कहर

लखनऊ। राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर भारत में पिछले दो दिनों से धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत का अहसास हुआ है। लखनऊ समेत अन्य जनपदों में पिछले 2 दिनों से ठंड से निजात मिली है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज भी दिल्ली में अच्छी धूप रहेगी, और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि कल से दिल्ली का मौसम बदल सकता है, क्योंकि आईएमडी ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे ठंड में और वृद्धि हो सकती है।

कश्मीर में ठंड का सितम, बर्फबारी जारी

कश्मीर घाटी में शीतलहर ने कहर बरपाया है, और सोमवार को तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। श्रीनगर में रविवार रात तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जम्मू और कश्मीर में ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो सबसे ठंडा समय होता है।

पंजाब और हरियाणा में ठंड और कोहरे का प्रभाव

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में ठंड का असर बना हुआ है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ और हरियाणा के अंबाला, फरीदाबाद जैसे इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक है।

राजस्थान में कोहरे और ठंड का असर

राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा और ठंड का प्रकोप जारी है। पाली, जैसलमेर और गंगानगर जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री से 8.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जयपुर, भरतपुर और बीकानेर में 22 जनवरी को कुछ जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button