देवर की मेहंदी में ग्लैमरस अंदाज में पहुंचीं आलिया भट्ट, उनकी चोटी ने खींचा सभी का ध्यान

गोवा में क्रिश्चियन वेडिंग के बाद अब आदर जैन और अलेखा आडवाणी फिर से शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी का जश्न शुरू हो चुका है। मुंबई में एक भव्य मेहंदी समारोह के साथ इसकी शुरुआत हो गई है। इस शादी में बॉलीवुड के नामी लोग शामिल होंगे। फिलहाल मेहंदी सेलिब्रेशन में भी सितारों की भीड़ लगी। परिवार के सभी लोग इस शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे। कपूर खानदान के लाडले नवासे की शादी में पूरा कपूर खानदान उमड़ पड़ा है। बॉलीवुड की फेवरेट जोड़ी रणबीर कपूर और आलिया भट्ट भी इस शादी का हिस्सा बने हैं। आलिया के साथ उनकी मां भी इस शादी में शामिल होने के लिए बेटी और दामाद के साथ पहुंचीं।
वायरल हुआ वीडियो
इसका वीडियो भी सामने आ गया है। सामने आए इस वीडियो में आलिया भट्ट पीले रंग का शरारा पहने हुए पहुंची हैं। उनके साथ ही पति रणबीर कपूर भी बेज आउटफिट में नजर आए। रणबीर कपूर के अलावा सोनी राजदान का भी स्टाइलिश लुक दिखाया। आलिया ने हैवी मेकअप के साथ चांद बालियां कैरी की थीं, लेकिन लोगों की निगाह उनके आउटफिट से ज्यादा बालों पर गई। उनका हेयर स्टाइल काफी अलग और यूनिक था, जिसे देखने के बाद कई फैंस ने तारीफ की तो कई हैरत में पड़ गए और पूछ बैठे कि बालों में क्या लटका लिया है।