बलरामपुर में बिजली संकट से लोग बेहाल: 8 घंटे तक महिला कार्यकर्ता ने दिया धरना, अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिलाया, पर हालात जस के तस

गुरुवार को दोपहर 11 बजे सामाजिक कार्यकर्ता वैष्णवी सिकरवार ने वीर विनय चौराहे पर धरना शुरू किया। उन्होंने बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर अन्न-जल त्याग दिया। पुलिस प्रशासन के हटाने के प्रयास के बावजूद उन्होंने दो घंटे तक अकेले धरना जारी रखा।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शाबान अली सहित कई लोगों ने धरने में शामिल होकर समर्थन दिया। शाम 6:50 बजे विद्युत विभाग के एसडीओ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। एसडीओ की सार्वजनिक अपील के बाद वैष्णवी सिकरवार ने लस्सी पीकर अपना अनशन समाप्त किया।
नगर क्षेत्र में रात के समय तीन से चार बार बिजली कटौती हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और खराब है। किसान, व्यापारी और छात्र सभी परेशान हैं। जनपद के कई हिस्सों में लोग आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।