प्रमुख सचिव ने किया एमडी आई हॉस्पिटल का निरीक्षण: मरीजों की सुविधा पर विशेष जोर, 15 दिन में शुरू हों मॉड्यूलर किचन और प्राइवेट वार्ड

स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन प्रयागराज दौरे पर रहे। उन्होंने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मनोहर दास आई हॉस्पिटल का करीब डेढ़ घंटे तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद किया और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रमुख सचिव ने उपस्थित डॉक्टरों से मुलाकात कर निर्देश दिया कि भर्ती मरीजों को हर दिन नियमित रूप से देखा जाए और उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने अस्पताल में हाल ही में तैयार किए गए मॉड्यूलर किचन और प्राइवेट वार्ड को 15 दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा चिकित्सकों को शोध पत्र (रिसर्च पेपर) तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. एसपी सिंह, अधीक्षक डॉ. बसंत कुमार और डॉ. अपराजिता चौधरी सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद रहे।
गौरतलब है कि गुरुवार को भी प्रमुख सचिव ने स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल का दौरा किया था। हाईकोर्ट द्वारा अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर की गई सख्त टिप्पणी के बाद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।