बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: यूपी सरकार ने लागू की “बिजली बिल राहत योजना 2025”

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए “बिजली बिल राहत योजना 2025” लागू कर दी है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए है जो लंबे समय से अपना बिजली बिल नहीं चुका पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत एकमुश्त भुगतान करने पर 100% सरचार्ज माफी और मूलधन पर अधिकतम 25% तक की छूट दी जाएगी। यह छूट तीन चरणों में दी जाएगी — दिसंबर 2025 में 25%, जनवरी 2026 में 20% और फरवरी 2026 में 15%।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि “यह योजना जनता के लिए राहत और निगमों के लिए राजस्व सुधार का अवसर है।” इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव नरेंद्र भूषण, चेयरमैन आशीष गोयल और एमडी पंकज कुमार भी मौजूद रहे।
यह योजना घरेलू (2 किलोवाट तक) और वाणिज्यिक (1 किलोवाट तक) उपभोक्ताओं दोनों के लिए लागू होगी। बिजली चोरी से संबंधित मामलों में भी राजस्व निर्धारण धनराशि पर छूट दी जाएगी। गरीब वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए EMI सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है ताकि वे मासिक किस्तों में बकाया चुका सकें।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। उपभोक्ता वेबसाइट (www.uppcl.org), जन सेवा केंद्र या विभागीय कार्यालय के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा, “हमारी सरकार का उद्देश्य जनता को सुविधा देना और पारदर्शी शासन को बढ़ावा देना है।” उन्होंने बताया कि इस योजना से न केवल जनता को राहत मिलेगी, बल्कि बिजली निगमों की वसूली भी बढ़ेगी और राज्य की ऊर्जा व्यवस्था मजबूत होगी।



