छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, कर्मचारियों का डीए 3% बढ़ा

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई इस घोषणा के बाद अब डीए 58 प्रतिशत हो गया है। इससे लगभग 3.9 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा रायपुर में कर्मचारी संघ के कार्यक्रम में की। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को शासन की ताकत मानती है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले अगस्त 2025 में डीए 55 प्रतिशत किया गया था। नई बढ़ोतरी से कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई में आर्थिक राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में ट्रांसफर नीति, पदोन्नति और कार्यस्थल सुधार जैसे कई फैसले लिए गए हैं। सुशासन एवं अभिसरण विभाग के गठन से प्रशासन को नई दिशा मिली है।
पेंशन, ग्रेच्युटी और रिटायरमेंट लाभों के समय पर भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही कर्मचारियों के प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता पर भी सरकार काम कर रही है।




