राजनीति

‘मराठी मानुष’ का नहीं ठाकरे बंधुओं का अस्तित्व खतरे में है- सीएम फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव और राज ठाकरे के ‘मराठी मानुष’ पर खतरे के दावों का खंडन किया। उन्होंने शिवाजी पार्क में एक रैली में कहा कि खतरा मराठी मानुष के अस्तित्व पर नहीं, बल्कि ठाकरे बंधुओं के राजनीतिक भविष्य पर है। फडणवीस ने आरोप लगाया कि ठाकरे परिवार ने मराठी मानुष को वड़ा पाव के ठेले तक सीमित रखा, जबकि उनकी सरकार रोजगार और निवेश ला रही है। उन्होंने मुंबई को ठाकरे परिवार से अलग बताया।

 मुंबई महानगरपालिका में भाजपानीत महायुति (गठबंधन) की सरकार आने पर मुंबई को महाराष्ट्र से तोड़ने और मराठी मानुष के अस्तित्व पर खतरा बताकर वोट मांग रहे उद्धव और राज ठाकरे को जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि खतरा मराठी मानुष के अस्तित्व पर नहीं, बल्कि ठाकरे बंधुओं के राजनीतिक अस्तित्व पर दिखाई दे रहा है। इसीलिए वह मराठी मानुष को डराकर उसका वोट लेना चाहते हैं।

देवेंद्र फडणवीस एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सोमवार को उसी ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में मुंबई महानगरपालिका के चुनाव प्रचार की संयुक्त रैली को संबोधित कर रहे थे, जहां एक दिन पहले उद्धव और राज ने अपनी रैली की थी।

उद्धव और राज ने रविवार को जिन-जिन मुद्दों पर भाजपानीत युति सरकार को घेरा, आज उन सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री फडणवीस एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए उपस्थित थे।

राज ठाकरे ने कल भारत के नक्शे पर अदाणी समूह की परियोजनाएं दिखाकर ये बताने की कोशिश की थी कि 2014 में मोदी सरकार आने के बाद से अदाणी के साम्राज्य में कितनी वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इसका जवाब देते हुए कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी, जबकि आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है।

इस दौरान अदाणी ही नहीं कई बड़ी कंपनियों के निवेश देश के अलग-अलग राज्यों में आ चुके हैं। अब वह समय है कि यदि कोई राज्य निवेश को नकारता है, तो निवेशक किसी दूसरे राज्य में जाने को तैयार रहता है। फडणवीस ने 30 साल से मुंबई महानगरपालिका की सत्ता पर काबिज ठाकरे परिवार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि हम राज्य में निवेश आमंत्रित कर मराठी मानुष को रोजगार देना चाहते हैं।

जबकि आने कभी मराठी मानुष के सपनों को वड़ा पाव के ठेले से आगे बढ़ने ही नहीं दिया। फडणवीस ने कहा कि मुंबई और मराठी मानुष का मतलब सिर्फ ठाकरे परिवार नहीं है। हमारे सामने बैठी जनता मुंबई है। कोई इनपर टेढ़ी नजर डालेगा, तो हम उसे बख्शेंगे नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button