अपराध

बुलंदशहर में सनसनी: 100 साल पुराने कुएं में मिला युवक का शव, गैस के डर से पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया

बुलंदशहर, संवाददाता

 जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अकरवास कनैनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को एक पुराने कुएं से तेज बदबू आने पर उसमें झांकने पर एक शव दिखाई दिया। प्राथमिक आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को करीब सौ साल पुराने कुएं में फेंका गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। गांव के किसान गेहूं की कटाई के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान आसपास बदबू महसूस होने पर कुछ ग्रामीणों ने पास स्थित पुराने रहट वाले कुएं में झांककर देखा, जहां उन्हें एक इंसान का पैर नजर आया। यह देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर अहमदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सीओ शिकारपुर और एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को बाहर निकालने की तैयारी शुरू की। हालांकि, कुएं के अंदर जहरीली गैस, खासतौर पर कार्बन डाईऑक्साइड बनने की आशंका के चलते पुलिसकर्मी कुएं में उतरने से बचते नजर आए।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के बंद और पुराने कुओं में गैस बनने का खतरा रहता है, जो जानलेवा हो सकती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम सीढ़ियों और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और शव निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, शव किसी युवक का प्रतीत हो रहा है। गांव में पिछले कुछ दिनों से एक किशोर के लापता होने की चर्चा भी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी हरिराज सिंह का 17 वर्षीय बेटा अनमोल 29 मार्च की शाम से लापता है। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। ऐसे में कुएं में मिले शव को लेकर परिवार और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त होने के बाद ही मामले की सही जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल हत्या की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है। एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि शव को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह हत्या का मामला है, तो आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पुलिस ने भी भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button