Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

डॉ आंबेडकर का संविधान पीडीए की ताकत और संजीवनी है: बीजेपी जितना ताकतवर होगी संविधान पर उतना बड़ा हमला करेगी: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और खुशहाली के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके बताए रास्ते पर चलना होगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान बनाकर गरीबों, वंचितों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और महिलाओं को अधिकार और सम्मान दिलाया। बाबा साहेब का संविधान पीडीए की ताकत और संजीवनी है।

बीजेपी बाबा साहेब और उनके बनाए संविधान का सम्मान नहीं करती

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके सहयोगी संगठनों की मंशा बाबा साहेब के संविधान को बदलने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब और उनके बनाए संविधान का सम्मान नहीं करती है और कभी भी बाबा साहेब को स्वीकार नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जितना ताकतवर होगी, संविधान पर उतना बड़ा हमला करेगी।

सपा संविधान और लोकतंत्र विरोधी ताकतों को परास्त करेगी

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहेब के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है और वह संविधान और लोकतंत्र पर होने वाले हर हमले का मुकाबला करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र विरोधी ताकतों को परास्त करेगी। सपा ही देश की इकलौती पार्टी है जिसके नाम में वही समाजवाद है। जो हमारे संविधान की प्रस्तावना में है। भाजपा सरकार के तानाशाही रवैये पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर धरना और आमरण अनशन पर बैठे हैं, लेकिन इस सरकार को किसानों की पीड़ा न तो सुनाई दे रही है और न ही दिखाई पड़ रही है।

पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं

सपा प्रमुख ने युवा पीढ़ी की बेरोजगारी, व्यापारी वर्ग की परेशानियों, और बढ़ती महंगाई पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं को झूठे मुकदमे लगा कर परेशान करती है और समाजवादियों को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप गढ़ती है। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा के झूठे प्रचार का जवाब दें और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिन-रात एक करके काम करना होगा और लोगों को बताना होगा कि दस साल की भाजपा सरकार में स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो गई, कानून व्यवस्था खराब हो गई, और अन्याय व अत्याचार बढ़ गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button