भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस का हमला: अजय राय ने आशीष पटेल से इस्तीफे की मांग

0
f82227ca-dc61-4eae-ac06-3f19a3ddf7d8

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने बीजपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार के मंत्री आशीष पटेल पर भ्रष्टाचार के आरोप सही हैं, तो मुख्यमंत्री योगी को उन्हें मंत्रीमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। अजय राय ने कहा कि अगर आशीष पटेल सही हैं और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, तो उन्हें सरकार छोड़कर अपने आत्मसम्मान की रक्षा करनी चाहिए, और कांग्रेस उनका स्वागत करेगी।

अजय राय ने किया भाजपा सरकार पर सीधा हमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने बताया कि मंत्री आशीष पटेल की रिश्तेदार पल्लवी पटेल ने मंत्री के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न तो जांच करा रहे हैं और न ही मंत्री को बर्खास्त कर पा रहे हैं। अजय राय ने केंद्र की जल जीवन मिशन योजना में भी भ्रष्टाचार की बात उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में इस योजना के तहत 31 हजार 303 करोड़ रुपये के घोटाले हुए हैं, जिनकी जांच के लिए हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की जागरूकता, भाजपा को चुनाव में मिलेगी हार

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर धार्मिक मुद्दों का लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिर से लेकर काशी कॉरिडोर और कुंभ मेला तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन स्थानों पर काम के ठेके गुजरातियों को दिए गए हैं, जो भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। अजय राय ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा को वोट की चोट देकर सत्ता से बाहर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *