मुख्य सचिव और डीजीपी ने महाकुंभ नगर में अमृत स्नान की तैयारियों की समीक्षा: अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

0
cde72c87-d647-4d4d-8680-887beac0e614

लखनऊ। पौष पूर्णिमा और मकर संक्रांति के सकुशल संपन्न होने के बाद प्रदेश सरकार अब 29 जनवरी को होने वाले मौनी अमावस्या पर्व के अमृत स्नान की तैयारियों पर ध्यान दे रही है। इस सिलसिले में गुरुवार को मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार ने महाकुम्भ क्षेत्र का भ्रमण किया और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की।

सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई

मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पौष पूर्णिमा और मकर संक्रांति के पर्वों के दौरान सभी व्यवस्थाएं बेहतर रही हैं और दोनों पर्व सकुशल संपन्न हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह 144 साल बाद पहला मौका था जब दोनों पर्व एक साथ मनाए गए। इस अवसर को मौनी अमावस्या से पहले ड्रेस रिहर्सल के रूप में देखा जा सकता है। अब मुख्य रूप से मौनी अमावस्या के पर्व की तैयारी पर ध्यान देना होगा।

प्रधानमंत्री के भ्रमण के साथ कैबिनेट बैठक की भी संभावना

मुख्य सचिव ने बताया कि महाकुम्भ में प्रधानमंत्री के भ्रमण के साथ कैबिनेट बैठक भी संभावित है, जिसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। इसके अलावा उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य सचिव ने स्वच्छता, टॉयलेट्स की पर्याप्त संख्या और जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगम नोज पर पर्याप्त टॉयलेट्स और यूरिनल्स होने चाहिए और किसी भी प्रकार का ओवरफ्लो नहीं होना चाहिए। साथ ही, सभी सार्वजनिक स्थानों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

रेलवे, टेलीकॉम और परिवहन सुविधाओं में सुधार

मुख्य सचिव ने रेलवे की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशनों पर साइनेज और डिजिटल स्क्रीन की जानकारी को और स्पष्ट किया जाना चाहिए। मेला क्षेत्र में टेलीकॉम सेवाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। परिवहन विभाग को अधिक बसों का संचालन करने और स्टेशन पर भीड़ की रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। तो वहीं मुख्य सचिव ने पार्किंग की व्यवस्था को लेकर कहा कि सभी पार्किंग स्थल में कैमरों का इंस्टॉलेशन और स्पष्ट साइनबोर्ड की व्यवस्था होनी चाहिए। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और पेट्रोलिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अखाड़ा क्षेत्र और पुलिस तैनाती की विशेष तैयारियां

डीआईजी महाकुम्भ वैभव कृष्ण ने बताया कि अखाड़ा क्षेत्र के लिए तीन नए जोन बनाए जाएंगे और पांटून पुलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इस समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, एडीजी प्रयागराज मंडल भानु भास्कर, मेलाधिकारी विजय किरण आनंद और जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *