राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने NCC अफसर और सीनियर कैडेट को किया सम्मानित

लखनऊ। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड, लखनऊ की एसोसिएट एनसीसी अफसर लेफ्टिनेंट आरती सिंह और 19 उत्तरप्रदेश बालिका वाहिनी लखनऊ की सीनियर अंडर अफसर दीपिका निगम को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उनके असाधारण समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए मिला, जो उन्होंने एनसीसी के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों के दौरान दिखाई।
एनसीसी के प्रति असाधारण योगदान
लेफ्टिनेंट आरती सिंह को उनकी कठिन मेहनत और कैडेट्स को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के कारण मैडल ऑफ एक्सीलेंस और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। उनका योगदान एनसीसी के कार्यक्रमों में अद्वितीय रहा और उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय ने उनकी इस मेहनत की सराहना करते हुए राज्यपाल से उन्हें सम्मानित करने की अनुशंसा की थी।
दीपिका निगम को मिला एडीजी अवार्ड मैडल
वहीं, सीनियर अंडर अफसर दीपिका निगम को उनके सम्पूर्ण सराहनीय कार्य के लिए एडीजी अवार्ड मैडल से सम्मानित किया गया। जिसे ग्रुप कमांडर द्वारा प्रदान किया गया। दोनों ही सम्मान समारोह एनसीसी की उपलब्धियों और युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के प्रयासों को उजागर करते हैं।