सीतापुर में तेंदुए का किसान पर जानलेवा हमला, गेहूं की कटाई के दौरान झाड़ियों से निकलकर किया अटैक, हालत नाजुक

आसपास मौजूद लोगों ने किसान को अस्पताल पहुंचाया।
सीतापुर के लहरपुर क्षेत्र के ग्राम रावल अदेसर में बुधवार सुबह एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। किसान प्रकाश (45) अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में किसान के चेहरे और गर्दन पर गहरी चोटें आईं। आसपास काम कर रहे किसानों ने शोर सुनकर मदद की और तेंदुए को भगाया। घायल किसान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
किसान का अस्पताल में इलाज किया गया।
पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की।
वन विभाग ने की जांच ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी जा रही थीं। उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हमलावर तेंदुए को पकड़ने और वन्य जीवों की निगरानी के लिए उचित प्रबंध करने की मांग की है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
 
				 
					



