न्यूज़बीट

जयपुर: घायल तेंदुए के हमले में वन विभाग की टीम बाल-बाल बची, खेत में मिला शव।

जयपुर-राजसमंद क्षेत्र में तेंदुए का आतंक, रेस्क्यू टीम पर जानलेवा हमला

राजस्थान के जयपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया। राजसमंद जिले के नेगडियां गांव में एक घायल तेंदुए ने वन विभाग की रेस्क्यू टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में चार वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के करीब आधे घंटे बाद तेंदुआ पास के खेत में मृत मिला।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात वन विभाग को गोमती–उदयपुर हाइवे पर एक घायल तेंदुए के दिखाई देने की सूचना मिली थी। बताया गया कि तेंदुआ सड़क किनारे बैठा हुआ था और उसे चलने में परेशानी हो रही थी। प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई कि वह किसी बड़े वाहन की टक्कर से घायल हुआ था।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, रात का समय और अंधेरा ज्यादा होने के कारण ट्रेंकुलाइज की प्रक्रिया नहीं हो सकी। तेंदुआ टीम को चकमा देकर खेतों की ओर भाग गया।

शुक्रवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टीम ने जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ने की योजना बनाई। जैसे ही टीम तेंदुए के नजदीक पहुंची, वह अचानक हमला कर बैठा। इस हमले में वनकर्मी पन्नालाल, हरीश लोहार, घनश्याम पूर्बिया और गिरधारी लाल घायल हो गए।

घटना के बाद अन्य कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए घायलों को तुरंत वाहनों तक पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रेस्क्यू टीम जब दोबारा घटनास्थल पर पहुंची, तो तेंदुआ खेत में मृत मिला। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ पहले से ही गंभीर रूप से घायल था और अत्यधिक कमजोरी के कारण उसकी मौत हो गई।

वन विभाग का कहना है कि तेंदुए की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना ने वन्यजीवों के रेस्क्यू के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button