दिल्ली में कोहरे और स्मॉग का डबल अटैक: IGI एयरपोर्ट पर 100 विमानों ने देरी से भरी उड़ान

दिल्ली में शनिवार सुबह घने कोहरे और स्मॉग ने दस्तक दी, जिससे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंचने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 6 से 8 बजे के बीच कोहरा सबसे घना था, जिससे रनवे विजिबिलिटी 50-100 मीटर रह गई। लगभग 100 उड़ानें देरी से संचालित हुईं, कुछ में 20 घंटे तक की देरी दर्ज की गई। औसत देरी 55 मिनट रही।
HighLights
- दिल्ली में घने कोहरे और स्मॉग का डबल अटैक।
- IGI एयरपोर्ट पर 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं।
- कुछ उड़ानों में 20 घंटे तक की भारी देरी हुई।
राजधानी दिल्ली में दो दिनों की मामूली राहत के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर घने कोहरे और स्मॉग ने दस्तक दी। छाए कोहरे की चादर के कारण शनिवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आइजीआई) एयरपोर्ट पर विमानों की रफ्तार बुरी तरह प्रभावित हुई। सुबह के व्यस्ततम घंटों में विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंचने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे के बीच कोहरा सबसे घना रहा। इस दौरान रनवे विजिबिलिटी गिरकर 50 से 100 मीटर के बीच रह गई। नियमों के मुताबिक, सुरक्षित उड़ान भरने के लिए विजिबिलिटी का स्तर कम होने के कारण कई विमानों को रनवे पर ही इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों को कैट-III बी तकनीक की मदद से संचालित किया गया।
कोहरे के इस डबल अटैक के कारण सुबह के सत्र में लगभग 100 उड़ानों ने देरी से उड़ान भरी। इस दौरान उड़ानों में न्यूनतम देरी 15 मिनट से 45 मिनट, सामान्य देरी 1 घंटा से 1.30 घंटा और अधिकतम देरी मौसम और विमानों के रोटेशन के कारण कुछ उड़ानें जैसे गुवाहाटी-जोधपुर रूट पर 20 घंटे तक दर्ज किया गया है। वहीं, शनिवार सुबह उड़ानों में औसत देरी 55 मिनट दर्ज की गई है।




