प्रयागराज में वर्षों से जर्जर 150 सड़कें व गलियां 100 करोड़ रुपये से दुरुस्त होंगी, नगर आयुक्त बोले- गलियों-सड़कों को बेहतर करने की योजना बन रही है

प्रयागराज में नगर निगम 150 जर्जर सड़कों और गलियों को 100 करोड़ रुपये से ठीक करेगा, जिससे शहरवासियों का आवागमन आरामदायक होगा। नए और पुराने वार्डों में सड़क और नाली का निर्माण किया जा रहा है। करैलाबाग मुहल्ले में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क और नाली बनाई गई है, जिससे 40 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा। महापौर ने प्रयागराज को स्मार्ट शहर बनाने की बात कही।
नगर निगम की ओर से सड़क और नाली का निर्माण लगातार कराया जा रहा है। आवागमन सुगम बनाने के लिए नगर निगम के द्वारा नए और पुराने वार्डों में सड़क और नाली का निर्माण किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से 150 से अधिक सड़कों और आंतरिक गलियों को निर्माण किया जाएगा। इसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी।
आरामदायक सफर
शहर के करैलाबाग मुहल्ले में नगर निगम की ओर से एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से सड़क और नाली का निर्माण किया गया है। इससे 40 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। उनका आवागमन आरामदायक होगा।
एक करोड़ से गलियां व सीसी रोड
नगर निगम विकास निधि एवं 15वें वित्त के अंतर्गत कई गलियों के निर्माण किया गया है। गौस नगर, हिना गोल्ड रोड, वाजिद चाय के सामने की गली, डब्ल्यू-74 क्षेत्र, मुन्ना मिर्जद रोड, मो. इरफान खान पी-77 बिस्मिल्ला चौराहा होते हुए नजमा मस्जिद तक की गलियों पर सीसी रोड निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराए गए। एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई है।
क्या कहते हैं महापौर?
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि आने वाले समय में भी इसी तरह वार्ड वार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे, ताकि प्रयागराज को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किया जा सके। नगर आयुक्त साईं तेजा ने बताया कि गलियों और सड़कों को बेहतर करने के लिए योजना बनाई जा रही है। अगले वित्तीय वर्ष में तेजी से विकास कार्य कराया जाएगा।




