Breaking Newsअपराधउत्तर प्रदेशराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश का तंज: मुख्यमंत्री के तमाम बड़े-बड़े दावों के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपाराज जंगलराज में बदल चुका है। कानून व्यवस्था तार-तार है। मुख्यमंत्री के तमाम बड़े-बड़े दावों के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। महिलाओं-बच्चियों को रोज अपमानित होना पड़ रहा है। पुलिस थानों में भी भ्रष्टाचार का बोलबाला है। पुलिस हिरासत में मौतों में प्रदेश अव्वल नम्बर पर हो गया है। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता में आते ही दावा किया था कि अपराधी या तो जेल में होंगे या फिर प्रदेश से बाहर चले जाएंगे। सार्वजनिक छेड़छाड़ रोकने के लिए रोमियो स्क्वाड बनाने का एलान किया लेकिन इन दावों-एलानों के बाद भी महिलाओं और बच्चियों के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ती गयी है।

यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी में 8 साल की बच्ची की अपहरण के बाद हत्या की घटना विचलित करने वाली है। बच्ची की लाश प्राइमरी स्कूल में बोरी में मिली। वहीं राजधानी लखनऊ का हाल तो और भी बुरा है। शासन-प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए चिनहट स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में सेंध लगाकर 42 लॉकर काट कर अपराधी लूट ले गए। एटीएम की लूट भी हुई। चोरियां तो आए दिन की बातें हैं। ज्वैलर्स की दूकानों से माल पार करने की घटनाएं अक्सर होती हैं। महिलाओं के साथ छेड़छाड़, और लूट की घटनाएं आम है।

1090 वूमेन पावर लाईन सेवा हुई निष्क्रिय

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार में अपराध नियंत्रण के लिए जो व्यवस्थाएं की गई थी उन्हें बीजेपी सरकार ने पूरी तरह से चौपट कर दिया है। न्यूयार्क की तर्ज पर यूपी डायल 100 पुलिस सेवा शुरू करने के पीछे रिस्पांस सिस्टम को आधुनिकतम बनाना था। पुलिस को नए उपकरण और नई गाड़ियां दी गई थी। छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए 1090 वूमेन पावर लाईन सेवा की स्थापना की गई थी। आज यह सेवा पूरी तरह से निष्क्रिय बना दी गई है।

जनता को 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार है

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद से सत्ता संरक्षित अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। इनके हौसले इतने बढ़ गये हैं कि वे पुलिस की भी परवाह नहीं करते हैं। जनता भाजपाई अराजकता से बुरी तरह त्रस्त और आक्रोषित है। जनता को 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार है जब वह भाजपा को सत्ता से हटाकर उसके झूठे दावों का पुख्ता हिसाब करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button