मिल्कीपुर उपचुनाव: BJP सबसे बड़ी झूठी पार्टी: सरकार लोकतंत्र और संविधान का तिरस्कार कर रही है: अखिलेश यादव

0
Akhilesh-Yadav-UP-Election

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी मिल्कीपुर में बेईमानी पर उतर आई है और हर तरह की साजिश रच रही है। प्रशासन द्वारा कोटेदारों और प्रधानों पर दबाव डाले जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि मिल्कीपुर की जनता समाजवादी पार्टी के साथ है और पार्टी की जीत के लिए तैयार है, लेकिन सरकार के दबाव में प्रशासन समाजवादी पार्टी को हराने की कोशिश कर रहा है।

भ्रष्टाचार और तानाशाही का आरोप

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी लोकतंत्र और संविधान दोनों का तिरस्कार कर रही है। उन्होंने भाजपा को देश की सबसे बड़ी बेईमान और झूठी पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगवाकर उन्हें परेशान कर रही है। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और तानाशाहीपूर्ण रवैये की आलोचना की। यह भी कहा कि भाजपा शासन में अपराधी घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाओं की सुरक्षा भी खतरे में है।

अयोध्या में दलित बेटी की नृशंस हत्या पर गहरा दुख

अखिलेश यादव ने अयोध्या के ग्रामसभा सहनवां से गायब दलित परिवार की बेटी की नृशंस हत्या की घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि बच्ची का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला और उसकी दोनों आंखें फोड़ दी गईं। इस अमानवीय घटना के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि अगर पहले ही परिवार की सूचना पर ध्यान दिया गया होता तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की और पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी अपील की।

अयोध्या में किसानों की जमीनों की लूट का आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर अयोध्या में किसानों की जमीनों की लूट का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि भाजपा भूमाफियाओं की तरह काम कर रही है और किसानों की जमीनों को कम कीमतों पर अधिग्रहित कर सरकार के करीबियों को दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की इस नीतियों से गरीबों और किसानों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया जाएगा और अब जनता इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी।

सपा की ओर से भाजपा के खिलाफ जन जागरूकता अभियान

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की हर साजिश और षड्यंत्र के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की नकारात्मक राजनीति और सरकार द्वारा की जा रही गलत नीतियों के बारे में बताएं। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी की जीत से लोकतांत्रिक मूल्यों को ताकत मिलेगी और यह भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ एक मजबूत संदेश होगा।

भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी को जनविरोधी बताते हुए कहा कि आज किसान, नौजवान, महिला और व्यापारी सभी परेशान हैं, और इसके लिए पूरी तरह से भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने विश्वास जताया कि मिल्कीपुर के मतदाता इस बार समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद को भारी मतों से जीताकर भाजपा को हराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *