UP में मौसम का बदला मिजाज: ठंडी की एक बार फिर आहट, कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज

Photo-Social Media
लखनऊ। यूपी में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। जिससे ठंड ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते दिनों जहां धूप खिली रहने से लोगों को ठंड से राहत मिली थी। वहीं अब तेज हवाओं के चलते ठंड की वापसी हो गई है। पारा अब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। तेज हवाओं के कारण धूप की गुनगुनाहट महसूस नहीं हो रही है। जिसके चलते तापमान में कमी आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी यूपी में मौसम इसी तरह रहेगा।
यूपी में मौसम का हाल
नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव हो रहा है। आज तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है और तेज सर्द हवाओं के कारण लोग फिर से ठिठुरते हुए देखे जा रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी जिले में कोहरे का अलर्ट जारी नहीं किया है और न ही बारिश की कोई संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में आज 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा हो सकता है।
आने वाले दिनों में क्या रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक 9 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्का कोहरा हो सकता है। धूप तो रहेगी। लेकिन तेज हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहेगा। इसके बाद 10 से 13 फरवरी तक मौसम में और सुधार होगा, और तेज धूप के बीच मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, मौसमी बदलावों के चलते मौसम का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है। इसलिए तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।