अखिलेश यादव ने बीजेपी पर उठाए सवाल बोले-चुनावी धांधली से नहीं बच सकती बीजेपी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि वह पीडीए की बढ़ती ताकत का मुकाबला वोट के बल पर नहीं कर सकती। इसलिए, भाजपा चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके चुनाव जीतने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि चुनावी धांधली के लिए जिस स्तर पर अधिकारियों की हेराफेरी की जाती है। वह एक विधानसभा तक तो संभव हो सकता है, लेकिन 403 विधानसभाओं में यह तरीका काम नहीं करेगा। यह चार सौ बीसी नहीं चलेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के धांधली के प्रयासों को बेनकाब किया। अखिलेश ने कहा कि मिल्कीपुर का उपचुनाव टालने का फैसला भाजपा की हताशा को दर्शाता है, और यह बात जनता ने अपनी आंखों से देखी है। अखिलेश ने कहा कि यह जीत कभी भी भाजपा के नेताओं के दिल में सच्चाई के रूप में नहीं बस पाएगी। उनका अपराधबोध और भविष्य में हार का डर उन्हें चैन से सोने नहीं देगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिन अधिकारियों ने चुनावी धांधली की है। उन्हें किसी न किसी दिन अपने लोकतांत्रिक अपराध की सजा जरूर मिलेगी। एक-एक करके सबका सच सामने आएगा। न प्रकृति उन्हें बख्शेगी, न कानून। जब उनकी नौकरी और पेंशन जाएगी, तो वह अपने परिवार और समाज के बीच अपमान का जीवन जीने को मजबूर होंगे।