Breaking Newsअंतर्राष्ट्रीयउत्तर प्रदेशन्यूज़बीटराज्यराष्ट्रीयलखनऊव्यवसायसाहित्य

अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर उठाए सवाल: महाकुंभ की अव्यवस्थाओं पर किया हमला, महाकुंभ में सरकार का नियंत्रण सेना को सौंपने की मांग

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं की तबाही और असुविधाओं के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उससे भाजपा सरकार नहीं बच सकती। साथ ही उन्होंने महाकुंभ में हुए हादसों में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की परेशानियों पर उठे सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में आने-जाने वाले श्रद्धालु जाम में फंसे हुए हैं और घंटों तक अपनी गाड़ियों में कैद हो गए हैं। इसके अलावा रास्ते में महिलाओं के लिए कोई सुविधाएं नहीं हैं और जो लोग बीमार हो रहे हैं। उनकी देखभाल का कोई उचित इंतजाम नहीं है। श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो रही है। जिससे वे अपने परिजनों से संपर्क करने में असमर्थ हैं। उन्होंने सरकार से मांग किया कि महाकुंभ में खोए हुए लोगों की सूची जारी कर, उनके परिजनों को सूचना प्रदान की जाए।

सरकार की नाकामी और अधिकारीयों की लापरवाही

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि महाकुंभ की स्थिति पर काबू पाने के लिए कोई जिम्मेदार मंत्री या अधिकारी दिखाई नहीं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री पूरी तरह से नाकाम साबित हो चुके हैं और प्रयागराज से संबंधित उपमुख्यमंत्री और कई प्रमुख मंत्री नदारद हैं। उन्होंने कहा कि सिपाही, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और सफाईकर्मी दिन-रात भूखे-प्यासे काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी देखभाल के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है।

महाकुंभ में वाहनों को टोल फ्री करने की सिफारिश

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने महाकुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश में वाहनों को टोल फ्री करने की सिफारिश की है। ताकि यात्रा में होने वाली रुकावटें कम हो सकें और जाम की समस्या भी हल हो सके। उन्होंने उदाहरण के तौर पर कहा कि जब फिल्मों को मनोरंजन कर से मुक्त किया जा सकता है, तो महाकुंभ के लिए गाड़ियों को क्यों नहीं कर मुक्त किया जा सकता।

भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं की हालत गंभीर

अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में खाद्यान्न, सब्जी मसाले, दवाइयां, पेट्रोल-डीजल की भारी कमी हो गई है। इसके परिणामस्वरूप, प्रयागराज और महाकुंभ परिसर में फंसे लाखों श्रद्धालु भूखे, प्यासे और थके हुए हैं। यह स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है और यह एक गंभीर समस्या है। अखिलेश ने कहा कि प्रयागराज के निवासी गंदगी, जाम और महंगाई से परेशान हैं, और अब भाजपा कार्यकर्ता श्रद्धालुओं पर ही आरोप लगा रहे हैं कि जब वे जानते हैं कि स्थिति खराब है, तो फिर क्यों आ रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रदेश में हादसों का शिकार हुए लोगों को छोड़कर अन्य स्थानों पर समारोहों में भाग लेने जा रहे हैं।

महाकुंभ में सरकार का नियंत्रण सेना को सौंपने की मांग

अखिलेश यादव ने सुझाव दिया कि जैसा अन्य राज्यों में होता है, अगर संविधानिक तंत्र फेल हो जाए, तो शासन की कमान किसी सक्षम व्यक्ति को दी जाए या फिर महाकुंभ की व्यवस्था सेना को सौंप दी जाए। उन्होंने कहा कि अयोग्य लोग सिर्फ झूठा प्रचार कर सकते हैं, लेकिन सुचारू व्यवस्था नहीं कर सकते।

आपातकालीन व्यवस्थाओं का किया आग्रह

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाकुंभ में फंसे श्रद्धालुओं के लिए आपातकालीन व्यवस्था करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए राहत कार्य किए जाने चाहिए और हर जगह फंसे हुए श्रद्धालुओं के साथ मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button