उत्तर प्रदेशराज्य

अंबेडकरनगर में बाढ़ से मुकाबले की तैयारी तेज़: 23 गांवों में 13 राहत चौकियां स्थापित, 24 घंटे हेल्पलाइन सेवा शुरू 

अंबेडकर नगर में जुलाई माह में आने वाली संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। टांडा और आलापुर तहसील के 23 गांवों को बाढ़ संवेदनशील घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में 13 बाढ़ राहत चौकियां स्थापित की गई हैं।

 

जिले में सरयू और तमसा नदियों के साथ थिरुआ नाला बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील हैं। टांडा तहसील के 10 और आलापुर तहसील के 13 गांव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आते हैं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका फोन नंबर 05271-244250 और 244550 है। साथ ही टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन 1077 चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगी।

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी को खाद्यान्न और ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर पालिका को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को संक्रामक रोगों और सर्पदंश से निपटने के लिए दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है। गर्भवती महिलाओं, वृद्धों, दिव्यांगों और बच्चों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पशुओं के लिए चारे और राहत शिविरों में उचित स्थान की व्यवस्था भी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button