राजधानी लखनऊ में बीमा कर्मचारियों का प्रदर्शन-संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर वेतन, पेंशन व एफडीआई के मुद्दे को लेकर उठी आवाज

लखनऊ। संयुक्त मोर्चे के तत्वावधान में सोमवार को नेशनल इंश्योरेंस क्षेत्रीय कार्यालय, पार्क रोड लखनऊ में बीमा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भोजनावकाश के दौरान अपराह्न 1:30 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अगस्त 2022 से लंबित वेतन नोटिफिकेशन को तत्काल जारी करने की मांग की। इसके साथ ही बीमा क्षेत्र में एफडीआई को 100 प्रतिशत किए जाने का विरोध किया गया। कर्मचारियों ने फैमिली पेंशन को 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने, एनपीएस योगदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किए जाने तथा चारों सरकारी बीमा कंपनियों के विलय की मांग रखी। सभी संवर्गों में पर्याप्त भर्ती शुरू किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
कार्यक्रम में सभी सरकारी बीमा कंपनियों के कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जी.एस. सिंह, शुभकरण, शिवेंद्र कुमार, के.के. बाजपेई, ओ.पी. जायसवाल, अनिल वर्मा, निर्मल त्रिपाठी, एच.एन. तिवारी, ए.जेड. किदवई, प्रेम शंकर, दिवाकर तिवारी, बी.सी. श्रीवास्तव, बी.के. शुक्ला सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
संयुक्त मोर्चे के संयोजक जी.एस. सिंह ने बताया कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 जनवरी 2026 को आधे दिन का धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो 9 जनवरी 2026 को हड़ताल का आह्वान किया जाएगा।




