सम्पादकीय
राजधानी के चित्रकूट थाना क्षेत्र में एसबीआई कियोस्क पर दो बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की कोशिश की।


जयपुर में एक बार फिर दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चित्रकूट थाना क्षेत्र में स्थित एसबीआई कियोस्क पर आज दोपहर करीब 12:30 बजे दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर लूट की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते कुछ ही देर में दोनों को पकड़ लिया गया।
बैग लेकर फरार हुए बदमाश
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक हेलमेट पहनकर बाइक से कियोस्क पहुंचे। कियोस्क में घुसते ही उन्होंने संचालक हेमंत कपूर को पिस्टल दिखाकर डराया और काउंटर पर रखे नोटों से भरे बैग को छीन लिया। बैग में लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये नकद थे। इसके बाद दोनों बदमाश तेजी से फरार हो गए।
लोगों ने बदमाशों को पकड़ा
कियोस्क संचालक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए। कुछ लोगों ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
घटना CCTV में कैद
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर यह जांच कर रही है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की थी या किसी अन्य वारदात की योजना बनाई थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस्तेमाल की गई पिस्टल असली थी या नकली।
पुलिस ने क्या बताया?
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रकाश मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जा सके।