दिल्ली पुलिस पर शिमला में किडनैपिंग का केस, हिमाचल पुलिस पर FIR की तैयारी; यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर टकराव

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम को शिमला में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के दौरान शिमला पुलिस के विरोध का सामना करना पड़ा। इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में प्रदर्शन से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी पर शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया और उन्हें करीब 20 घंटे तक रोके रखा।
HighLights
- दिल्ली पुलिस को शिमला में 20 घंटे तक रोका गया
- शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस पर अपहरण का केस किया
- AI समिट प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर विवाद बढ़ा
भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल रहे आरोपितों को पकड़ने शिमला गई दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम को शिमला पुलिस के विरोध का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं दिल्ली पुलिस पर किडनैपिंग का केस तक दर्ज कर लिया गया।
आरोप है कि शिमला पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस टीम को करीब 20 घंटे तक रोके रखा, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाने की प्रक्रिया पूरी कर रही थी।
पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किए जाएंगे आरोपित
हालांकि शिमला पुलिस के विरोध के बावजूद गुरुवार सुबह 6 बजे दिल्ली पुलिस यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं अरबाज खान, सौरभ सिंह और सिद्धार्थ अवधूत को लेकर दिल्ली ले लिए निकाल सकी। दोपहर एक बजे दिल्ली पहुंचने के बाद तीनों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।
बुधवार से लेकर गुरुवार सुबह तक चला विवाद
इसी दौरान शिमला पुलिस ने टीम को शोगी बैरियर क्षेत्र में रोक लिया। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह शुरू हुआ विवाद गुरुवार तड़के तक चलता रहा और मौके पर काफी देर तक तीखी बहस व झड़प जैसी स्थिति बनी रही।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों का आरोप है कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई थी, इसके बावजूद स्थानीय पुलिस ने उनके वाहनों को रोककर कार्रवाई में बाधा डाली। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शिमला पुलिस ने न केवल टीम को आगे बढ़ने से रोका बल्कि कई कानूनी धाराओं का इस्तेमाल करते हुए दिल्ली पुलिस के खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया।
दिल्ली पुलिस पर अपहरण का मुकदमा दर्ज
जानकारी के मुताबिक, शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस कर्मियों पर अपहरण सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दिल्ली पुलिस भी इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए हिमाचल पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है और आज जवाबी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।
20 घंटे तक चली शिमला पुलिस के साथ तनातनी
करीब 20 घंटे तक चली इस तनातनी के बाद मामला अदालत तक पहुंचा। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही दिल्ली पुलिस टीम आरोपितों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बाद सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं और टीम सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ी।
पहली बाद देखने को मिला इतना लंबा गतिरोध
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल के वर्षों में यह पहला मामला माना जा रहा है जब आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर दो राज्यों की पुलिस के बीच इतना लंबा गतिरोध देखने को मिला। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि शिमला पुलिस ने कार्रवाई में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न कीं।
फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस के बीच कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर विवाद गहराने की संभावना है। मामले ने अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय और अधिकार क्षेत्र को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।



