रायपुर: सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत, रामकृष्ण अस्पताल में हुआ हादसा

रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में एसटीपी की सफाई करते समय तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतरे मजदूरों को जहरीली गैस का शिकार होना पड़ा।
छत्तीसगढ़ के रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में मंगलवार को एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। तीनों मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ही सफाई करने उतरे थे। एक अन्य घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात लगभग आठ बजे अस्पताल प्रबंधन द्वारा सफाई के लिए मजदूरों को बुलाया गया था। बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जैसे ही एक मजदूर टैंक में उतरा तो वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य साथी भी नीचे उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
इसके बाद चौथा मजदूर मास्क लगाकर नीचे उतरा और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। देर रात आक्रोशित भीड़ ने अस्पताल के सामने पत्थरबाजी भी की। पुलिस लोगों को शांत कराने में जुटी रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, एसटीपी में मीथेन और अन्य जहरीली गैसें मौजूद रहती हैं, जो कुछ ही सेकेंड में जानलेवा साबित होती है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी मिलते ही तीनों मजदूरों के स्वजन मौके पर पहुंचे। स्वजन आरोपितों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




