प्रयागराज महाकुम्भ में सांस्कृतिक समागम और श्रद्धालुओं के लिए भव्य आयोजन

0
Mahakumbh 258791

लखनऊ। प्रयागराज महाकुम्भ श्रद्धालुओं और आगंतुकों को आस्था, परंपरा और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रदान करेगा। इस महाकुम्भ में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 10,000 लोगों की क्षमता वाला गंगा पंडाल सेक्टर-1 परेड ग्राउंड में विशेष आकर्षण होगा। यहां भारत के प्रसिद्ध कलाकार और पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। महाकुम्भ में त्रिवेणी मंच, यमुना मंच, सरस्वती मंच जैसे छोटे पंडाल भी बनाए गए हैं, जिनकी क्षमता 2,000 दर्शकों की है। इन मंचों पर लोकगीत, शास्त्रीय नृत्य और काव्यपाठ जैसे कार्यक्रम होंगे।

कुल 24 मंचों पर कलाकारों की भव्य प्रस्तुतियां

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 16 जनवरी से 24 फरवरी तक कुल 24 मंचों पर कलाकारों का जलवा रहेगा, जिनमें शंकर महादेवन, कुमार विश्वास, साधना सरगम, शान, हेमामालिनी, डोना गांगुली, कविता कृष्णमूर्ति, सुरेश वाडेकर, हरिहरन, नितिन मुकेश, कैलाश खेर, रविशंकर, मालिनी अवस्थी, सोनल मानसिंह जैसे ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस आयोजन के लिए 5,000 से अधिक कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।

प्रदेश की पर्यटन धरोहर से परिचय

जयवीर सिंह ने बताया कि सेक्टर-7 में उ0प्र0 दर्शन मंडप स्थापित किया गया है, जिसमें प्रदेश के 12 प्रमुख पर्यटन सर्किट प्रदर्शित किए गए हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को गाइड द्वारा प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी दी जाएगी। अब तक इस मंडप में लगभग 11,000 दर्शक आ चुके हैं।

प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद

यूपी दर्शन मंडप के सामने 10 राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां प्रदेश और अन्य प्रदेशों के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया जा सकता है। इन स्टॉलों में अब तक 11,000 श्रद्धालु स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा चुके हैं। इन पंडालों में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर चित्रण हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *