93 वीं बटालियन सीआरपीएफ कैंप लखनऊ के कमांडेंट देवेंद्र नाथ यादव को मिला पुलिस पदक
Devendra Nath Yadav, Commandant of 93rd Battalion CRPF Camp Lucknow, received Police Medal

नईदिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल अधिकारी संस्थान नई दिल्ली में बीते दिनों एक विशेष अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि प्रवीण वशिष्ठ,विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), गृह मंत्रालय,सहित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।इस कार्यक्रम में सुरक्षा बल के 39 कर्मियों को उनके अदम्य साहस, अनुकरणीय समर्पण और असाधारण खुफिया जानकारी एकत्र करने के कौशल के सम्मान में विभिन्न पदकों से उन्हें सम्मानित किया गया। जिनमें 10 वीरता पदक, 27 सराहनीय सेवा पदक और 2 असाधारण सूचना कुशलता पदक शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक द्वारा सभी पुरस्कार विजेताओं और उनके गौरवान्वित परिवारों को हार्दिक बधाई दी गई।

उक्त कार्यक्रम में शौर्य व सराहनीय सेवा के लिए 93 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमांडेंट देवेंद्र नाथ यादव को गृह मंत्रालय आंतरिक सुरक्षा विभाग के विशेष सचिव प्रवीण वशिष्ठ एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस पदक देकर सम्मानित किया। कमांडेन्ट यादव वर्ष 1998 बैच के सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारी हैं एवं वर्तमान में 93 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस के सेनानायक हैं। ये बटालियन वर्तमान समय में माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं खंडपीठ लखनऊ की विशेष सुरक्षा ड्यूटी के लिए तैनात है। कमांडेंट यादव को यह पदक मिलने से वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों में काफी उत्साह है।




